Oct 29 2025 / 4:06 AM

गुरमीत राम रहीम सिंह कोरोना पॉजिटिव, मेदांता अस्पताल में कराया गया भर्ती

नई दिल्ली। सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह अब कोरोना पॉजिटिव हो गया है। अब उसे गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले उनसे पेट में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उसे रोहतक में पीजीआईएमएस अस्पताल में चिकित्सा जांच के लिए ले जाया गया था। गुरमीत सिंह को रोहतक की सुनारिया जेल से भारी पुलिस सुरक्षा में पीजीआईएमएस लाया गया था।

यहां पेट का सीटी स्कैन भी कराया गया था। बाद में उसे वापस जेल भेज दिया गया। सिंह को 3 हफ्ते पहले चक्कर आने और रक्तचाप में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया था। उस समय अस्पताल में रात भर रखने के बाद डेरा प्रमुख को छुट्टी दे दी गई थी।

डॉक्टरों के 7 सदस्यीय बोर्ड की जांच में हालत स्थिर पाए जाने के बाद सिंह को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। डेरा प्रमुख अपनी 2 महिला अनुयायियों से बलात्कार के मामले में दोषी पाए जाने के बाद 2017 से ही सुनारिया जेल में बंद है। पंचकुला में एक विशेष सीबीआई अदालत ने अगस्त 2017 में उसे बलात्कार के दो मामलों में 20 साल की जेल की सजा सुनाई थी।

Chhattisgarh