नई दिल्ली। देशभर में 15 नवंबर को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी और जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, संघर्ष और गौरवशाली विरासत को याद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया। उन्होंने लिखा, “भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें समस्त देशवासियों की ओर से मेरा कोटि-कोटि नमन। आप सभी को इस दिव्य अवसर से जुड़े जनजातीय गौरव दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि धरती आबा का अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान, अवसर और समृद्धि के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी बिरसा मुंडा की जयंती पर देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन भारत की समृद्ध जनजातीय विरासत और राष्ट्र निर्माण में आदिवासी समुदायों के ऐतिहासिक योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी से इस अमूल्य विरासत को संरक्षित रखते हुए समावेशी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने की अपील की।


