नई दिल्ली। एयर इंडिया के एक विमान में तेज टर्बुलेंस हुआ है जिसकी वजह से 17 यात्रियों को चोट आई है। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट संख्या AI-2379 को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग से कुछ देर पहले टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। विमान में तेज झटके लगने लगे और वो अचानक तेजी से नीचे आने लगा। इन झटकों की वजह से विमान में सवार 17 यात्री चोटिल हो गए हैं।
हालांकि, पायलट ने स्थिति संभाली और फ्लाइट को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह 11:07 बजे सुरक्षित उतार लिया। प्लेन में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर्स सवार थे।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि घटना में 13 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स समेत 17 लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें से 5 को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। बाकी भर्ती हैं। एयर इंडिया की टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं।
एअर इंडिया ने पहले बताया था कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।
फ्लाइट में सवार एक यात्री ने दावा किया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद तेज झटके लगने लगे। सुबह का समय था और ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक विमान जोर से हिलने लगा और 2-3 मिनट तक पलटी खाता रहा। डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (DGCA) इस घटना की जांच कर रहा है।
यात्री के मुताबिक कुछ लोगों को ज्यादा चोटें आई हैं, जबकि 70 से 80% लोगों को मामूली चोट लगी हैं। फ्लाइट की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें उसकी सीलिंग के पैनल में दरारें दिखीं।


