Jul 17 2026 / 1:11 AM

टीएमसी सांसद कोयल मल्लिक ने भी छोड़ा ममता बनर्जी का साथ, राज्यसभा से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ममता बनर्जी का साथ छोड़ने वाले टीएमसी के सांसदों, विधायकों और नेताओं की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। अब इस भगदड़ में ताजा नाम एक्ट्रेस रुक्मिणी मल्लिक उर्फ कोयल मल्लिक का भी जुड़ा है। कोयल मल्लिक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर सदस्यता से इस्तीफा दिया।

कोयल मल्लिक ने राज्यसभा से बतौर टीएमसी सांसद इस्तीफा देने के साथ ही मोदी सरकार में मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की। इससे ये संभावना जताई जा रही है कि खाली हुई इस राज्यसभा सीट पर बीजेपी कोयल मल्लिक को प्रत्याशी बना सकती है।

इससे पहले टीएमसी के जिन तीन सांसदों सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक ने राज्यसभा से इस्तीफा दिया, उनको बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की उन्हीं राज्यसभा सीटों से मैदान में उतारा है। कोयल मल्लिक के इस्तीफा देने के साथ ही राज्यसभा में टीएमसी के सांसदों की संख्या अब 11 रह गई है।

इससे पहले ममता बनर्जी को झटका देते हुए ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी के 64 विधायकों ने गुट बना लिया था। जबकि, काकोली घोष दस्तिदार के साथ टीएमसी के 21 सांसदों ने बगावत कर एक छोटी सी अनाम पार्टी में जाने का फैसला किया।

ऋतब्रत बनर्जी के टीएमसी गुट ने चुनाव आयोग में अर्जी देकर खुद के असली पार्टी होने का दावा किया है और चुनाव चिन्ह मांगा है। जिस पर चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी को भी नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है। ममता बनर्जी का कहना है कि सांसद और विधायक इस तरह अलग नहीं हो सकते।

Chhattisgarh