नई दिल्ली। नई दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच माहौल एक बार फिर गरमा गया है। NEET पेपर लीक को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में पत्थरबाजी हुई है। पुलिस के मुताबिक RAF और पुलिस की टीम तय जगह पर रोजाना की तरह तैनात थी तभी अचानक पथराव होने लगा।
RAF और पुलिस एक्टिव हुई तो ताबड़तोड़ बड़े बड़े पत्थर पुलिस और RAF की टीम पर बरसाए गए। कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथ में डंडे थे जो पुलिस पर चलाए गए। भीड़ को काबू में करने के लिए RAF की टीम ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस ने 2-3 आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को काबू में किया। एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हुए हैं। उनको खुद सीनियर अफसर आरएमएल अस्पताल लेकर गए हैं। घटना दिल्ली के टॉलस्टॉय मार्ग के पास हुई है। जहां पर प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए और सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंके, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक नई दिल्ली इलाके में इंटरनेट बंद होने के बावजूद जंतर मंतर और कनॉट प्लेस के इलाके टॉलस्टॉय मार्ग, जनपथ पर सबसे ज्यादा मैसेजिंग हो रही है। नेटवर्क कनेक्शन और SMS इन इलाकों में सबसे ज्यादा एक्सचेंज किए जा रहे हैं। क्या जंतर मंतर पर बैठे प्रदर्शनकारियों की तरफ से नई दिल्ली में मौजूद प्रदर्शनकारियों को हिंसा का आदेश दिया जा रहा है? साजिश के ऐसे सबूत मिल रहे है जिनपर पुलिस की अलग तफ्तीश जारी है।
बता दें कि आज जो हालात हैं, जंतर मंतर से इसी तरह की तस्वीरें कल रात भी आईं थी। कल रात को जंतर मंतर के आसपास के इलाके में फिर हिंसा हुई, कनॉट प्लेस के पास आरएएफ जवानों को पीटा गया। भीड़ ने आरएएफ जवान को नीचे गिरा दिया, लात घूंसों से बुरी तरह उसकी पिटाई की और गंदी-गंदी गालियां दी। आरएएफ जवान बुरी तरह घिर चुका था, भीड़ उस पर टूट पड़ी। बड़ी मुश्किल से उसकी जान बची थी। बता दें कि NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चल रहा प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर अभी भी जारी है।


