जनगणना-2027 में पूछे जाने वाले सवालों की लिस्ट मोदी सरकार ने जारी कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 सवालों की लिस्ट जारी की। इनमें जाति-धर्म, बैंक खाते, बच्चों की संख्या से लेकर कोविड वैक्सीनेशन तक की जुड़ी जानकारी भी शामिल है। बर्फीले इलाकों (पहाड़ी) में 1 सितंबर से गणना शुरू होगी। जबकि देश के बाकी हिस्सों में यह अगले साल होगी।
जनगणना 2027 में पूछे जाने वाले 40 सवाल –
1- व्यक्ति का नाम क्या है?
2- परिवार के मुखिया से व्यक्ति का क्या संबंध है?
3- व्यक्ति का लिंग क्या है?
4- व्यक्ति की जन्मतिथि और आयु (पूर्ण वर्षों में) क्या है?
5- व्यक्ति की वर्तमान वैवाहिक स्थिति क्या है?
6- विवाह के समय व्यक्ति की आयु (पूर्ण वर्षों में) कितनी थी?
7- पति/पत्नी का नाम क्या है?
8- व्यक्ति द्वारा घोषित राष्ट्रीयता क्या है?
9- व्यक्ति का धर्म क्या है?
10- क्या व्यक्ति अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) से संबंधित है? उसकी जाति क्या है?
11- पिता का विवरण क्या है?
12- माता का विवरण क्या है?
13- क्या व्यक्ति को किसी प्रकार की दिव्यांगता है?
14- व्यक्ति की मातृभाषा क्या है और वह अन्य कौन-कौन सी भाषाएँ जानता है?
15- व्यक्ति की साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति क्या है?
16- क्या व्यक्ति किसी शैक्षणिक संस्थान में पढ़ रहा/रही है?
17- व्यक्ति द्वारा प्राप्त उच्चतम शैक्षणिक योग्यता तथा उसकी स्ट्रीम/विषय क्या है?
18- क्या व्यक्ति ने पिछले एक वर्ष के दौरान किसी समय काम किया है?
19- व्यक्ति की आर्थिक गतिविधि की श्रेणी क्या है?
20- व्यक्ति का व्यवसाय/पेशा क्या है?
21- व्यक्ति किस प्रकार के उद्योग, व्यापार या सेवा से जुड़ा है?
22- व्यक्ति किस श्रेणी का कामगार है?
23- सीमांत, अर्ध-सीमांत और गैर-कामगार व्यक्ति किस प्रकार की गैर-आर्थिक गतिविधि में शामिल है?
24- क्या सीमांत, अर्ध-सीमांत या गैर-कामगार व्यक्ति काम की तलाश कर रहा है अथवा काम के लिए उपलब्ध है?
25- व्यक्ति अपने कार्यस्थल तक किस साधन से जाता है?
26- व्यक्ति का जन्म स्थान क्या है?
27- व्यक्ति का पिछला निवास स्थान कौन-सा था?
28- व्यक्ति के प्रवास का कारण क्या है?
29- पिछले प्रवास के बाद से व्यक्ति इस गांव/शहर में कितने समय से रह रहा है?
30- व्यक्ति का स्थायी आवासीय पता क्या है?
31- वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिला के वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या कितनी है?
32- वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिला द्वारा अब तक जीवित जन्म दिए गए बच्चों की कुल संख्या कितनी है?
33- वर्तमान में विवाहित महिला ने पिछले एक वर्ष के दौरान कितने जीवित बच्चों को जन्म दिया है?
34- व्यक्ति ने कोविड-19 का टीका कहां लगवाया था?
35- व्यक्ति के कुल कितने बैंक खाते हैं?
36- व्यक्ति का मोबाइल नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
37- व्यक्ति का आधार नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
38- व्यक्ति का वोटर आईडी नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
39- भारतीय पासपोर्ट धारक होने की स्थिति में व्यक्ति का पासपोर्ट नंबर क्या है?
40- क्या व्यक्ति के पास ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध है?
भारत के रजिस्ट्रार जनरल की अधिसूचना में कहा गया है,’जनगणना अधिनियम, 1948 (1948 का अधिनियम 37) की धारा 8 की उप-धारा (1) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, केंद्र सरकार निर्देश देती है कि जनगणना अधिकारी अपने-अपने नियुक्त इलाकों में रहने वाले सभी लोगों से – नीचे बताई गई बातों के आधार पर – जनगणना 2027 के सिलसिले में ‘हाउसहोल्ड शेड्यूल’ (परिवार की जानकारी वाली सूची) के जरिए जानकारी इकट्ठा करने के लिए सवाल पूछ सकते हैं।’ जवाब देने वालों से निजी और सामाजिक जानकारी भी मांगी जाएगी। इनमें वैवाहिक स्थिति, शादी के समय उम्र, जीवनसाथी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति (SC)/अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा, जाति, माता-पिता की जानकारी, विकलांगता, मातृभाषा और अन्य ज्ञात भाषाएं, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति जैसी जानकारियां शामिल हैं।
जनगणना की प्रक्रिया बर्फबारी वाले इलाकों में एक सितंबर से शुरू होगी। गजट नोटिफिकेशन में बताया गया था कि लद्दाख और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फबारी वाले इलाकों में लोगों की गिनती एक से 30 सितंबर के बीच होगी। कहा गया है कि देश के बाकी हिस्सों में लोगों की गिनती अगले साल शुरू होगी।


