नई दिल्ली। बिहार में एक और पुल ढह गया। मिली जानकारी के अनुसार गंडक नहर पर बना पुल धड़ाम से गिर गया। मामला सीवान के महाराजगंज अनुमंडल के पटेढ़ा और गरौली गांव का है। जहां बीच गंडक नहर पर बना पुल अचानक टूट गया। एक पिलर के धंसते ही पुल भर-भराकर नहर में समा गया। इसका एक वीडियो सामने आया है।
गौरतलब है कि आज से ठीक 5 दिन पहले भी बिहार के अररिया में एक पुल गिर गया था। उस पुल को बनाने में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत आई थी। इससे पहले भी बिहार में कई बड़ी लागत के पुल पिलर बह जाने के कारण बह चुके हैं। सीवान में भी नहर पर बने पुल में सिर्फ एक पिलर था और वही पिलर बह जाने के कारण पुल ढह गया।
गंडक नदी में गिरे पुल का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें साफ दिख रहा है कि पिलर अपनी जगह से खिसकता है, धीरे-धीरे पुल धराशायी हो जाता है। पुल के टूटने से दो गांव के बीच का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पुल आज सुबह गिर गया है। लेकिन, ईश्वर की कृपा से कोई हताहत नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग द्वारा नहर की सफाई कराई गई थी और नहर की मिट्टी काटकर नहर के बांध पर फेंकी गई थी। इस वजह से पुल का पिलर काफी कमजोर हो गया था, जिसके कारण टूट गया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस पुल का निर्माण करीब 40-45 वर्ष पहले हुआ था। पुल का निर्माण स्थानीय लोगों ने चंदा करके बनवाया था। बाद में कुछ सरकारी सहयोग मिला। लोगों का कहना है कि सरकार से हमारी मांग है जल्दी पुल को ठीक करवा दें ताकि जो आवागमन बाधित हो गया है वो चालू हो सके। इस पुल की चौड़ाई लगभग 30 फीट थी। लगभग 30 साल पहले इस पुल का निर्माण कराया गया था।


