नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के बडगाम में अशदार गली इलाके में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकवादी को ढेर कर दिया है। मारे गए आतंकी के पास से एक AK राइफल और युद्ध से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
मारे गए आतंकी की अभी पहचान नहीं हुई है। खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना, श्रीनगर सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस की टीमों ने अशदार गली इलाके में एक ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया और उसी के दौरान आतंकी के साथ मुठभेड़ हो गई।
जवानों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी। सुरक्षाबल जब आगे बढ़ रहे थे तभी आतंकियों की ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं।
मुठभेड़ गुरुवार देर शाम शुरू हुई और पूरी रात दोनों तरफ से रुक रुककर गोलीबारी होती रही। इस दौरान एक आतंकवादी मारा गया। सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ी को भी मौके पर भेजा गया ताकि इलाके में छिपे हुए अन्य आतंकियों को पकड़ा जा सके।


