May 08 2026 / 9:40 PM

शुभेंदु अधिकारी ही बनेंगे बंगाल के मुख्यमंत्री, कल सुबह 11 बजे लेंगे शपथ

नई दिल्ली। बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ही होंगे। कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर सहमति बनी। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब शुभेंदु अधिकारी राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वो राज्यपाल को बीजेपी विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में कल यानी 9 मई को सुबह 11 बजे शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, अभी कुछ समय पहले ही चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई। लगभग 8 प्रस्ताव और समर्थन मिले हैं और लगभग सभी में एक ही नाम मिला है। केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल विधानमंडल दल के नेता के रूप में निर्वाचित घोषित करता हूं।

शुभेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान करने के बाद अमित शाह ने उन्हें फूलमाला पहनाकर बधाई दी। वैसे चर्चा है कि बीजपी सरकार में दो उपमुख्यमंत्री होंगे जिसमें से एक महिला को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।

बता दें कि पहले से ही मुख्यमंत्री पद की रेस में शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में था। शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को उनके ही गढ़ भवानीपुर में 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। इसको देखते हुए यह माना जा रहा था कि बीजेपी इस जीत का तोहफा शुभेंदु अधिकारी को देगी। वैसे इससे पिछले विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराया था।

Chhattisgarh