Mar 24 2026 / 2:46 PM

महाराष्ट्र: शिंदे सरकार का कैबिनेट विस्तार, शामिल हुए 18 नए मंत्री

मुंबई। महाराष्ट्र में आज एकनाथ शिंदे सरकार की कैबिनेट का विस्तार हुआ। कुल 18 विधायकों को मंत्रिपद की शपथ दिलाई गई। बीजेपी के 9 और एकनाथ शिंदे गुट के 9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। शिंदे सरकार का यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार है। इस दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहे।

सबसे पहले राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शपथ ली और फिर दूसरे नंबर पर भाजपा के ही सीनियर नेता सुधीर मुनगंटीवार ने शपथ ली। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और फिर विजय कुमार गावित ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है। भगत सिंह कोश्यारी ने कुल 18 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई है, जिनमें गिरीश महाजन, गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, संजय राठौड़, सुरेश खाडे, संदीपन भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, रवींद्र चव्हाण, अब्दुल सत्तार शामिल हैं।

इसके अलावा एकनाथ शिंदे गुट के प्रवक्ता रहे दीपक केसरकर और अतुल सावे, शंभूराज देसाी और मंगलप्रभात ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि किस नेता को कौन सा विभाग दिया जाएगा, लेकिन चर्चाएं हैं कि डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को होम मिनिस्ट्री मिल सकती है। इसके अलावा भी कई अहम मंत्रालय भाजपा के खाते में जा सकते हैं। शपथ ग्रहण से पहले देवेंद्र फडणवीस के साथ भाजपा विधायकों की बैठक हुई थी। इसके अलावा एकनाथ शिंदे गुट के विधायकों की भी मीटिंग हुई थी।

एकनाथ शिंदे सरकार के कैबिनेट विस्तार में अहम तथ्य यह है कि किसी भी महिला नेता को मंत्री बनने का मौका नहीं मिला है। इस विस्तार के साथ ही महाराष्ट्र मंत्री परिषद के सदस्यों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। बता दें कि 30 जून को एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने शपथ ली थी। तब से ही दोनों सरकार चला रहे थे, लेकिन कैबिनेट विस्तार न होने के चलते निंदा हो रही थी। कहा जा रहा है कि भाजपा खेमे से सुधीर मुनगंटीवार, राधाकृष्ण विखे पाटिल, गिरीश महाजन, अतुल सावे जैसे नेताओं को अहम मंत्रालय मिल सकते हैं। अगले एक से दो दिन में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा हो सकता है।

Chhattisgarh