Jun 19 2026 / 11:54 PM

रांची RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले सैफ का एनकाउंटर

रांची। रांची स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले सैफ का एनकाउंटर हुआ है। आरोपी सैफ पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश की थी। इसके बाद रांची पुलिस ने सैफ का एनकाउंटर किया। सैफ के पैर में गोली लगी है। उसे दोबारा गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि 16 जून की रात करीब 11:35 बजे रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में आरएसएस कार्यालय को निशाना बनाकर पेट्रोल बम से हमला किया गया था। हमलावरों ने कार्यालय पर दो पेट्रोल बम फेंके थे। इनमें से एक बम मुख्य गेट के बाहर मिला। जबकि दूसरा कार्यालय की छत पर फेंका था। हालांकि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ था। आरोपियों के पेट्रोल बम से हमले वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया था।

आरएसएस पर बम से हमला होने के बाद पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय हो गईं थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी रांची और दो आरोपी लोहरदगा जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से ठीक पहले पेट्रोल बम तैयार किए थे। वे पेट्रोल बम बनाना सीख रहे थे और इस तरह के विस्फोटक तैयार करने में पूरी तरह प्रशिक्षित नहीं थे। पुलिस ने उनके कब्जे से पेट्रोल बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा सामान भी बरामद किया है।

मामले में आरोपी सैफ को कोतवाली थाने में रखा था। गुरुवार देर रात उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसकी तलाश के लिए तत्काल अभियान शुरू किया। रांची पुलिस ने आरोपी को ट्रेस करते हुए माण्डर टोल प्लाजा क्षेत्र के पास घेराबंदी की। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने एक जवान का हथियार छीनने और पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली में आरोपी सैफ घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच एजेंसियों ने इस पूरे मामले में कई अहम खुलासे भी किए हैं। हमले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का कनेक्शन निकला है। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपियों की भर्ती सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े लोगों द्वारा की गई थी। इसके अलावा हमले से पहले आरएसएस कार्यालय की रेकी किए जाने की बात भी सामने आई है। इस हमले के पीछे कथित तौर पर शहजाद भट्टी मॉड्यूल की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि एजेंसियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Chhattisgarh