नई दिल्ली। रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस (MI) की कमान संभालते नजर आएंगे। मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को दोबारा टीम की कप्तानी सौंपी है। मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को कैप्टन बनाने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। 2024 के आईपीएल से पहले टीम फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटा दिया था और उनकी जगह पर हार्दिक पंड्या को नया कप्तान बनाया गया था।
हालांकि हार्दिक मुंबई इंडियंस के लिए सफल कप्तान साबित नहीं हो सके। हार्दिक पंड्या अब आईपीएल 2027 से पहले पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ गए हैं। जिसके बाद MI ने अपने पुराने कप्तान पर भरोसा जताया है।
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम पांच बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी है। रोहित शर्मा ने पहली बार साल 2013 में आईपीएल के बीच सीजन में मुंबई इंडियंस टीम की कप्तानी संभाली थी। साल 2013 में ही MI की टीम पहली बार आईपीएल चैंपियन बनी थी।
इसके बाद रोहित की ही कप्तानी में 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी MI ने आईपीएल की ट्रॉफी जीती। रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाए जाने के बाद फैंस काफी निराश हुए थे और हार्दिक उनके निशाने पर भी आ गए थे। वहीं हार्दिक की कप्तानी से नाखुश MI के फैंस ने उनकी काफी आलोचना भी की थी।
MI की को-ओनर नीता अंबानी ने कहा, मुझे आज भी वह युवा रोहित याद है जो हमारे साथ जुड़ा था। इतने सालों में उसे एक क्रिकेटर, एक चैंपियन, एक लीडर और एक बेहतरीन पारिवारिक इंसान के रूप में आगे बढ़ते देखना हमारे लिए बहुत खुशी और सौभाग्य की बात रही है।
जब हम मुंबई इंडियंस का 20वां सीजन मना रहे हैं, तो रोहित को एक बार फिर टीम की कमान संभालते देखना हम सभी के लिए बहुत खास पल है। उन्होंने इतने सालों में हमें कई शानदार यादें दी हैं, और मैं जानती हूं कि हमारी ‘पलटन’ के लिए वह कितना मायने रखते हैं।


