इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार दोपहर मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर पहुंचे। यहां रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेशभर से जुटे युवाओं और Gen-Z छात्रों से सीधा संवाद किया।
संवाद के दौरान मध्य प्रदेश में लंबित भर्तियों, परीक्षाओं में कथित फर्जीवाड़े, नर्सिंग घोटाले और व्यापमं के मुद्दे पर छात्रों का दर्द खुलकर सामने आया। छात्रों की परेशानियां सुनने के बाद राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों के बिना कोई देश आगे नहीं बढ़ सकता, लेकिन मौजूदा सिस्टम ने युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया है।
संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी मानसिक स्थिति और करियर को लेकर गंभीर चिंताएं साझा कीं। नर्सिंग छात्रों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि 3 साल का कोर्स 6 साल बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है और भोपाल में महीनों तक आंदोलन करने के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। वहीं भर्ती परीक्षाओं के अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भर्ती निकालकर पदों को होल्ड कर दिया जाता है।
छात्रों ने कहा कि 13 फीसदी ओबीसी आरक्षण और कोर्ट का बहाना बनाकर रिजल्ट रोक दिए जाते हैं, जबकि कोर्ट से ऐसी कोई रोक नहीं होती। सरकार की इस कार्यप्रणाली से हम डिप्रेशन में जा रहे हैं। छात्रों ने मंच से पीएमटी, कृषि भर्ती और पटवारी परीक्षा में हुई गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए व्यापमं को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा किया।
छात्रों की बातें सुनने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर बेहद असुरक्षित और चिंतित है। उन्होंने कहा कि देश में प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा और उसके बाद युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मुहैया कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा सिस्टम युवाओं को अंधभक्ति की ओर धकेलना चाहता है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि पूरे देश में शिक्षकों के करीब 10 लाख पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकारें उन्हें भरने के बजाय युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि शिक्षा पाना आपका संवैधानिक अधिकार है, कोई सरकारी एहसान नहीं। जब भी आप अपने हक की लड़ाई के लिए आंदोलन करेंगे, मुझे बुलाइएगा, मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस वक्त आया जब दिल्ली में हुए हादसे में जान गंवाने वाले देवास निवासी छात्र अर्पित जाज के परिजन अपने बेटे की तस्वीर लेकर मंच पर पहुंचे। परिजनों का दर्द देखकर माहौल गमगीन हो गया।
इसके अलावा शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों ने भी अपनी व्यथा रखी और बताया कि किस तरह चयनित शिक्षक नरेंद्र राजपूत जैसे अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर कई-कई दिनों तक जल त्यागकर अनशन करने को विवश हैं। कार्यक्रम के समापन पर राहुल गांधी ने कहा कि युवा ही देश का असली भविष्य हैं और वे ‘लव यू इंदौर’ कहकर अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।


