Oct 06 2026 / 10:23 PM

8 घंटे के धरने के बाद राहुल-प्रियंका हिरासत में लिए गए, आकाशवाणी भवन खाली करवाया गया

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत तमाम कांग्रेस सांसदों को हिरासत में ले लिया गया है। दरअसल इंडिया ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में आकाशवाणी भवन पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसी प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने ये सख्त एक्शन लिया। इसके बाद आकाशवाणी भवन को खाली करवा दिया गया।

दिल्ली पुलिस ने मौके पर राहुल के साथ मौजूद सभी नेताओं को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए नेताओं में केसी वेणुगोपाल, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा कारणों से मौके से हटाया गया है।

राहुल गांधी को जिस वक्त हिरासत में लिया गया, उस समय राहुल की सिक्योरिटी और पुलिस में झड़प भी हुई। हालांकि आकाशवाणी भवन में काफी संख्या में पुलिसबल मौजूद था और मौके पर टेम्पो ट्रैवलर लाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने का वीडियो कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। पार्टी ने वीडियो के साथ लिखा सब याद रखा जाएगा। कांग्रेस ने एक अन्य पोस्ट में लिखा अंग्रेजों के खिलाफ लड़कर जीते थे, वोट चोरों के खिलाफ भी लड़कर जीतेंगे। पोस्ट के साथ पार्टी ने मुट्ठी तानने वाला इमोजी भी लगाया।

इंडिया ब्लॉक के सांसद चुनाव आयोग और एसआईआर के खिलाफ आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठे थे। इससे पहले विपक्षी सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक विरोध मार्च शुरू किया था। तिरंगा और ‘लोकतंत्र बचाओ’ लिखे बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त, भाजपा और आरएसएस के खिलाफ नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया था।

Chhattisgarh