May 17 2026 / 11:17 PM

केरलम में नई सरकार के गठन की तैयारी, कल सुबह 10 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे वीडी सतीशन

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन सोमवार सुबह 10 बजे केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ 11 अन्य विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। वीडी सतीशन ने रविवार शाम केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया और मंत्रियों की लिस्ट भी राज्यपाल को सौंपी।

सतीशन और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य सोमवार को शपथ ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन के नेताओं के साथ चर्चा के बाद मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया है और इस दौरान गठबंधन के भीतर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखा गया है।

सतीशन ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और सनी जोसेफ को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। केरल की सत्ता पर 10 साल बाद काबिज होने जा रहे कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने वरिष्ठ विधायक थिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष नामित करने का फैसला किया गया, जबकि शनिमोल उस्मान उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे।

सतीशन ने कहा कि कांग्रेस को 63 सीटें मिलने के बावजूद कई योग्य नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी। उन्होंने इसे राज्य में पार्टी की सबसे बड़ी जीत में से एक बताया। उन्होंने कहा, ”सूची में शामिल और सूची से बाहर भी कई योग्य नेता हैं। लेकिन कांग्रेस जैसी पार्टी को ऐसे निर्णय लेते समय सामाजिक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और कई अन्य कारकों पर विचार करना होता है।”

उन्होंने कहा कि गठबंधन सहयोगियों के बीच विभागों के आवंटन पर चर्चा लगभग पूरी हो चुकी है, केवल कुछ मामूली मामले लंबित है। अंतिम सूची औपचारिक रूप से राज्यपाल को प्रस्तुत की जाएगी और अनुमोदन के बाद आधिकारिक राजपत्र के माध्यम से अधिसूचित की जाएगी।

सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सभी विधायकों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद सतीशन मंत्रिमंडल का बंटवारा करेंगे और इसका विस्तार भी इसी दौरान हो सकता है। विस्तार के दौरान कई अन्य विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। केरल में कुल विधायकों की संख्या 140 है। ऐसे में अधिकतम 21 मंत्री हो सकते हैं। सतीशन समेत कुल 12 विधायकों को मंत्री बनाने का फैसला हो चुका है। ऐसे में 9 और विधायकों को भविष्य में मंत्री बनाया जा सकता है।

Chhattisgarh