नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को रामलला की प्रतिमा स्थापना और मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। पीएम मोदी 11 दिनों का विशेष अनुष्ठान कर रहे। पीएम मोदी ने आज श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर स्मारक डाक टिकट और दुनिया भर में भगवान राम पर जारी टिकटों की एक पुस्तक जारी की। राम मंदिर पर स्मारक डाक टिकट और दुनिया भर में भगवान राम पर जारी टिकटों की यह पुस्तक डाक विभाग ने तैयार की है।
पुस्तक में शामिल डिजाइन के घटकों में राम मंदिर, तुलसीदास रचित रामचरितमानस की चौपाई- मंगल भवन अमंगल हारी, सूर्य, सरयू नदी और मंदिर और उसके आसपास की मूर्तियां शामिल हैं। पीएम मोदी ने बताया कि इस खास पुस्तक में मंदिर और देश की संस्कृति से जुड़ी बारीकियों का अनुभव किया जा सकेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि रामायण से हमें तमाम चुनौतियों के बावजूद प्रेम की जीत का संदेश और सीख पाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा, यह पूरी मानवता को अपने साथ जोड़ता है। इसीलिए इसने पूरी दुनिया को अपनी तरफ आकर्षित किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि जब आप किसी डाक टिकट को जारी करते हैं और जब कोई इसे किसी को भेजता है तो वह सिर्फ पत्र या सामान नहीं भेजता वे सहज रूप से इतिहास के किसी अंश को भी किसी दूसरे तक पहुंचा देता है। ये टिकट केवल कागज का टुकड़ा नहीं है, ये टिकट केवल कोई कला का कार्य नहीं है ये इतिहास की किताबों, कलाकृतियों के रूपों और ऐतिहासिक स्थलों के सबसे छोटा रूप भी होते हैं।


