नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नुपूर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा के ऊपर दर्ज हुई सभी केस को दिल्ली ट्रांसफर करने का निर्देश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने साथ ही कहा कि नुपूर शर्मा की गिरफ्तारी पर लगी रोक भी जारी रहेगी। बता दें कि बीते 19 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने नुपूर शर्मा की गिरफ्तारी पर लोग लगाई थी। इसके साथ ही इस मामले की जांच स्थायी तौर पर दिल्ली पुलिस को सौंपने का निर्देश भी दिया है।
बता दें कि बीते दिनों ज्ञानवापी मसले के संदर्भ में टीवी डिबेट में बहस के दौरान नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में विवादास्पद टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद उनके विरोध में देश के कई राज्यों में एफआईआर दर्ज किए गए थे, लेकिन तकनीकी तौर पर यह मुमकिन नहीं था कि विभिन्न राज्यों की पुलिस इस मामले की जांच करे, लिहाजा सुप्रीम कोर्ट ने अब इस मामले में अहम फैसला सुनाते हुए सभी एफआईआर को राजधानी दिल्ली ट्रांसफर करने का आदेश दिया है। अब इन सभी एफआईआर को संज्ञान में लेने के उपरांत दिल्ली पुलिस द्वारा इनकी जांच की जाएगी।
बता दें कि बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा को उनके द्वारा किए गए विवादास्पद टिप्पणी को लेकर कड़ी फटकार लगाई थी। कोर्ट ने नूपुर को फटकार लगाते हुए कहा था कि देश आपकी वजह से जल रहा है। आपको कुछ भी कहने से पहले सोचना चाहिए था। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा की गई उपरोक्त टिप्पणी उस स्थिति में प्रासंगिक हो गई थी, क्योंकि नूपुर द्वारा किए गए विवादास्पद टिप्पणी के उपरांत कई हिस्सों में उनका समर्थन करने पर लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया था।


