नई दिल्ली। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत के पीएम नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की और उनको इजरायल के स्वतंत्रता दिवस पर आमंत्रित किया। नेतन्याहू ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी साझा की।
नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, मैंने अपने मित्र, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें इजरायल के स्वतंत्रता दिवस पर वीर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार के साथ मशाल प्रज्ज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया।
नेतन्याहू ने बताया कि मोदी ने निमंत्रण के लिए मुझे धन्यवाद दिया। भारतीय पीएम ने कहा, जमीन पर और हवा में, भारत और इजरायल आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ रहे हैं। उन्होंने हमारे बीच के मजबूत और वर्षों पुराने संबंधों की भी सराहना की।
अभी हाल ही में नेतन्याहू ने भारत और लैटिन अमेरिकी देशों के साथ नए अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बनाने पर जोर दिया था। इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले संसदीय चुनाव होने से पहले सुरक्षा नीति पेश करते हुए बेंजामिन नेतन्याहू ने आशंका जताई थी कि अमेरिका में जो अगला राष्ट्रपति होगा वो इजरायल के खिलाफ शत्रुतापूर्ण रवैया अपना सकता है।
इसलिए अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए इजरायल को दूसरे देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना होगा। इस स्टेटमेंट के कुछ ही दिन बाद अब नेतन्याहू ने मोदी को आमंत्रित भी कर दिया है।
बता दें कि 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 को ओमानी मूल का को-पायलट हमाम अल-हमामी क्रैश कराना चाहता था। उसने विमान को कंट्रोल करने के लिए पायलट कैप्टन स्मित मछार को कुल्हाड़ी मार दी थी जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हालांकि इसके बावजूद कैप्टन स्मित ने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की जान बचाई। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने कैप्टन स्मित की बहादुरी और जज्बे की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म’ से सम्मानित करने का ऐलान किया था।


