Mulayam Singh’s wife Sadhna Gupta passes away
नई दिल्ली। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का निधन हो गया है। उनका गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। साधना के फेफड़े में संक्रमण होने की वजह से उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था।
बता दें कि साधना गुप्ता प्रतीक यादव की मां थीं और बीजेपी नेता अपर्णा यादव की सास थीं। मुलायम सिंह आज ही साधना को देखने के लिए मेदांता पहुंचे थे। साधना गुप्ता को कुछ दिनों से बुखार भी था। इसीलिए उनको गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था।
मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी का नाम मालती देवी था। अखिलेश यादव, मालती और मुलायम सिंह के ही बेटे हैं। साधना गुप्ता, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। वह मूल रूप से औरैया के विधूना की रहने वाली थीं। उनकी पहली शादी साल 1986 में फर्रुखाबाद के चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी।
शादी के बाद साधना ने बेटे प्रतीक को जन्म दिया था लेकिन पति से उनकी बनी नहीं इसलिए उनका तलाक हो गया। बाद में साधना गुप्ता ने मुलायम सिंह से शादी कर ली। साधना, मुलायम सिंह से 20 साल छोटी थीं। उनके एक बेटा प्रतीक यादव भी है। साधना गुप्ता यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की सौतेली मां थीं।
मुलायम सिंह यादव ने पहली पत्नी मालती देवी के निधन के बाद ही सार्वजनिक तौर पर साधना को अपनी पत्नी का दर्जा दे दिया था। ये साल 2003 का समय था। साधना की वजह से अखिलेश यादव अपने पिता से नाराज भी हो गए थे। हालांकि साधना और उनके बेटे प्रतीक कभी राजनीति में नहीं आए। लेकिन प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने विधानसभा का चुनाव लड़ा है। अपर्णा यादव इस समय बीजेपी की नेता हैं।


