Oct 27 2025 / 10:24 AM

ईशान किशन ने लगाई सबसे तेज डबल सेंचुरी, तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। आज बांग्लादेश के साथ टीम इंडिया तीसरा और आखिरी वनडे मैच खेल रही है। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी है। जहां उन्होंने सबसे तेज दोहरा शतक लगाया वहीं टीम इंडिया के लिए भी चौथे बड़े खिलाड़ी बन गए। ईशान किशन ने 210 रनों की पारी सिर्फ 131 गेंदों में खेल डाली और इसी के साथ उन्होंने क्रिस गेल के 1 बड़े रिकॉर्ड को अपने नाम करने में सफलता हासिल की। ईशान किशन ने दोहरे शतक के लिए सिर्फ 126 गेंदों का सहारा लिया।

उन्होंने साथ ही क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ा और दुनियाभर में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। क्रिस गेल ने 2015 में 138 गेंदों पर यह कारनामा किया था। वहीं किशन ने 131 गेंदों पर 210 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस पारी में किशन ने 24 चौके और 10 छक्के जड़े।

ईशान किशन ने अपनी इस पारी में कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए। वह सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने 103 गेंदों पर यह आंकड़ा पार किया था। साथ ही वह भारत के लिए विदेशी सरजमीं पर सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली और सौरव गांगुली के 183 रनों के स्कोर को पीछे छोड़ा।

बता दें कि इससे पहले बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को बैटिंग करने का न्यौता दिया। हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शिखर धवन महज 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कोहली और ईशान किशन ने पारी को संभाला और टीम को अच्छी शुरुआत दी। इस मैच में टीम ने दो बदलाव किए हैं। रोहित शर्मा बाए हाथ के अंगूठे में चोट लगने के कारण बाहर हो गए है इसके अलावा दीपक चहर भी इस मैच में बाहर रखा गया है।

Chhattisgarh