नई दिल्ली। चीन के हांगझाऊ में जारी एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों को लगातार उम्दा प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। तीसरा दिन भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहा। तीसरे दिन भारत के खाते में अब तक 1 गोल्ड सहित 3 पदक आ चुके हैं। देश के लिए घुड़सवारी टीम ने इतिहास रचते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
भारत ने घुड़सवारी में 41 साल में पहली बार गोल्ड मेडल जीतने का कारनामा किया है। घुड़सवार टीम में सुदीप्ति हजेला, दिव्यकीर्ति सिंह, अनुश अग्रवाल और हृदय छेडा शामिल थे। इसके अलावा बाकी दोनों मेडल्स सेलिंग (नौकायन) में आए हैं। 17 वर्षीय नेहा ठाकुर ने सेलिंग में गोल्ड मेडल जीता।
एशियन गेम्स के पहले दिन भारत ने 5 पदक जीते थे। इसके बाद दूसरे दिन भारत ने 6 पदक अपने नाम किए, जिसमें दो स्वर्ण पदक शामिल है। दूसरे दिन भारत का पहला स्वर्ण पदक निशानेबाज़ी में आया था। फिर महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर भारत की झोली में दूसरा गोल्ड डाल दिया। इस तरह दूसरे दिन भारत ने दो स्वर्ण पदक जीते। वहीं कुल मिलाकर भारत अब तक 3 गोल्ड 4 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है।
इसके अलावा भी कई खेलों में भारत की ओर से अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला है। जैसे, भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से परास्त किया। इसके अलावा पुरुष हॉकी टीम ने अपने ग्रुप स्टेज के दूसरे मैच में सिंगापुर को 16-1 से हराया। इससे पहले हॉकी ने ग्रुप स्टेज के पहले मैच उज्बेकिस्तान को 16-0 से पराजित किया था।


