Nov 27 2026 / 9:25 PM

ऋतब्रत बनर्जी को हाई कोर्ट ने दिया बड़ा झटका, नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति हुई रद्द

नई दिल्ली। कलकत्ता हाईकोर्ट ने आज एक बड़ा फैसला सुनाते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति को रद्द कर दिया है। अदालत का यह फैसला जहां एक ओर ऋतब्रत बनर्जी के लिए बहुत बड़ा झटका है तो वहीं ममता बनर्जी के लिए यह राहत भरा है।

टीएमसी विधायक शोभनदेब चट्टोपाध्याय की ओर से याचिका दायर कर ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किए जाने को चुनौती दी गई थी। जस्टिस कृष्णा राव की सिंगल बेंच ने विधानसभा अध्यक्ष को इस नियुक्ति पर दोबारा विचार करने और 10 दिन में कारण बताते हुए नया आदेश जारी करने का निर्देश दिया है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद ममता बनर्जी की ओर से शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष चुना था। इसके बाद ममता बनर्जी की पार्टी के बागी गुट ने ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष बनाने का दावा विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष पेश कर दिया।

वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने 3 जून को ममता बनर्जी की पार्टी के बागी गुट के आवेदन को स्वीकार कर लिया और ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दे दी। ममता बनर्जी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में एक जून को ऋतब्रत बनर्जी और विधायक संदीपन साहा को टीएमसी से निकाल दिया था।

शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने अपनी याचिका में तर्क दिया कि विधानसभा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष पद के लिए उन्हें नामित करने के राजनीतिक दल के फैसले को नजरअंदाज किया है।इस मामले पर पहले हाईकोर्ट की सिंगल बेंच और बाद में एक डिवीजन बेंच में सुनवाई हुई।

डिवीजन बेंच ने अगस्त में यह निर्देश दिया कि ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति दो महीने के लिए एक अंतरिम व्यवस्था के रूप में बनी रहेगी और एकल पीठ इस पर फैसला ले। इसके बाद एकल पीठ ने मामले की सुनवाई की और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 21 नवंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

Chhattisgarh