सूरत। गुजरात के सूरत जिले के बारडोली के पास मंगलवार दोपहर एक एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो बसों के बीस हुई भीषण टक्कर में 7 यात्रियों की जान चली गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद एक बस सड़क किनारे पलट गई और उसमें आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मरने वालों में कई लोगों की जिन्दा जलकर मौत हुई है। दोनों बसें महाराष्ट्र की बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सड़क पर पलटे हुए एक टैंकर को बचाने की कोशिश के दौरान हादसा हुआ। टैंकर से बचने की कोशिश में एक बस चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। ऐसे में तेज रफ्तार बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से जा टकराई। दोनों बसों की रफ्तार अधिक होने के कारण टक्कर बेहद जोरदार रही।
टक्कर के बाद एक बस सड़क किनारे पलट गई और उसमें आग लग गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया तथा घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सूरत कलेक्टर तेजस पटेल ने बताया कि दुर्घटना शाम करीब 4:30 बजे हुई। हादसे में घायल हुए लोगों को बारडोली और सूरत के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बारडोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 17 घायलों का उपचार चल रहा है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं, 7 घायलों को बेहतर इलाज के लिए सूरत सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


