Oct 26 2025 / 8:37 AM

मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव की बड़ी जीत, भाजपा के रघुराज शाक्य को 2.88 लाख वोटों से दी मात

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा पर उपचुनाव के परिणाम जारी हो गए हैं। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार रघुराज शाक्य को करारी शिकस्त देते हुए समाजवादी पार्टी उम्मीदवार डिंपल यादव ने जीत दर्ज की है। मैनपुरी की पांचों विधानसभा एरिया सदर, करहल, भोगांव, जसवंत नगर और किशनी में डिंपल यादव को बड़ी बढ़त मिली हैं। डिंपल यादव ने भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को 2 लाख 88 हजार 461 वोटों से मात दी।

चुनाव आयोग के मुताबिक सपा प्रत्याशी डिंपल यादव कुल 6,17,625 वोट मिले। जबकि भाजपा के रघुराज शाक्य को 3,29,489 वोट मिले हैं। काउंटिंग के बाद से ही मैनपुरी उपचुनाव में सपा उम्मीदवार और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव वोटों की गिनती में आगे चल रही थीं। इस सीट पर शुरुआती रुझानों में भाजपा उम्मीदवार रघुराज शाक्य को बढ़त मिलती नजर आ रही थी। उन्होंने भोगांव विधानसभा से डिंपल यादव को पछाड़ दिया था, लेकिन अब मतगणना की तस्वीर आधे घंटे बाद पूरी तरह से बदल गई। मैनपुरी लोकसभा की सभी विधानसभा से सपा मुखिया की पत्नी डिंपल यादव ने बड़े मार्जिन के साथ बढ़त बनाई हुईं थीं।

बता दें कि मैनपुरी लोकसभा एरिया में पांच विधानसभा आती हैं। मैनपुरी की चार विधानसभाओं के साथ इटावा की जसवंतनगर विधानसभा भी इसी में शामिल है। इधर, मैनपुरी में भाजपा उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य जसवंतनगर विधानसभा के अपने बूथ धौलपुर में ही 187 वोटों से हारे गए थे।

गौरतलब है कि मैनपुरी सीट पर उपचुनाव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन की वजह से हो रहा है। मुलायम सिंह की विरासत को बचाने के लिए पार्टी ने मुलायम परिवार की बड़ी बहू और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को मैनपुरी से उम्मीदवार बनाया था। जबकि भाजपा ने रघुराज सिंह शाक्य को सीट से खड़ा किया था।

Chhattisgarh