नई दिल्ली। अयोध्या में तैयार हो चुके राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर पूरे देश में हर्षोल्लास का माहौल बना हुआ है। इस समारोह को खास बनाने की तैयारी की जा रही है। प्रभु श्रीराम के दर्शनों के लिए देश और दुनिया में रामभक्त बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच निर्माणधीन मंदिर के गर्भगृह में विराजमान रामलला की मनमोहक मूर्ति की पहली तस्वीर सामने आई है।
तस्वीर में रामलला के चहेरे पर मुस्कान और माथे पर तिलक देखा जा रहा है। बता दें कि इससे पहले भी रामलला की तस्वीर सामने आई थी, जिसमें उनकी आंखों में पट्टी बंधा हुआ था, लेकिन उनकी इस तस्वीर में रामलला की आंखों से पट्टी हटा दिया गया है। बता दें कि इस मूर्ति को मैसूर के प्रख्यात मूर्तिकार अरूण योगीराज ने बनाया है।

मूर्ति की लंबाई 51 इंच है, जिसे आज यानी की गुरुवार को मंदिर में लाया गया है। 5 साल के रामलला की मूर्ति के चारों ओर आभामंडल बनाया गया है। जिसमें सनातन धर्म के चिह्न बने हैं। जैसे-शंख, ओम आदि। वहीं, रामलला के सिर के पीछे सूर्य की प्रतिमा उकेरी गई है। दाहिने हाथ से रामलला आशीर्वाद दे रहे हैं। जबकि बाएं हाथ से भगवान धनुष पकड़े है।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का 22 जनवरी को दोपहर 12 से 12.20 के बीच की जाएगी। हालांकि प्राण प्रतिष्ठा का समय महज 84 सेकंड का ही होगा। क्योंकि इस दौरान 12 अनूठे योग बन रहे हैं। बता दें कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे दिन यानी 23 जनवरी से इस मूर्ति के दर्शन आम श्रद्धालू भी आसानी से कर सकेंगे। हालांकि अयोध्या के तमाम होटल और गेस्ट हाउस पहले से ही जनवरी और आगामी फरवरी तक के लिए बुक हो चुके हैं। बड़ी संख्या में राम भक्तों ने अयोध्या जाने की तैयारी की है और रेल, सड़क और हवाई मार्ग से वहां पहुंच रहे हैं।


