Mar 17 2026 / 9:50 PM

ओडिशा राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग करने वाले तीनों विधायकों को किया निलंबित

नई दिल्ली। ओडिशा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कांग्रेस पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया है। 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन विधायकों रमेश जेना, दशरथी गोमांगो और सोफिया फिरदौस ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को वोट दिया था, जिसके चलते कांग्रेस और बीजद के संयुक्त उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा।

ओडिशा कांग्रेस के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी इसकी जानकारी दी गई है। भक्त चरण दास ने विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने पर हैरानी जताई और कहा कि उन्हें इसकी जरा भी उम्मीद नहीं थी। भक्त चरण दास ने कहा कि बागी विधायकों को विधानसभा में पार्टी के अन्य विधायकों के साथ बैठने की इजाजत नहीं होगी।

ओडिशा में राज्यसभा की चार सीटों के लिए कुल पांच उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा ने मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को उम्मीदवार बनाया था। बीजद की ओर से संतृप्त मिश्रा उम्मीदवार थे। वहीं डॉ. दत्तेश्वर होता, बीजद और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार थे। निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को भाजपा ने समर्थन दिया हुआ था।

चुनाव नतीजों में भाजपा के दोनों और बीजद उम्मीदवार जीत गए। वहीं तीन विधायकों सोफिया फिरदौस, रमेश जेना, दशरथी गोमांगो ने क्रॉस वोटिंग की, जिसके चलते भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय जीत गए और बीजद-कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा।

Chhattisgarh