नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को बम ब्लास्ट से दहलाने की धमकी मिली है। दिल्ली एयरपोर्ट, हाईकोर्ट, जामनगर हाउस झंडेवालान बिल्डिंग, डीएम ऑफिस समेत कुल 6 महत्वपूर्ण स्थानों पर ब्लास्ट की धमकी भरा ई-मेल मैसेज मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां एलर्ट हो गई हैं।
इन सभी स्थानों पर बम स्क्वॉड की टीमें छानबीन कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। दमकलकर्मी और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं। अभी तक किसी भी स्थान से जांच में कुछ भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
15 अगस्त के मद्देनजर पहले से ही दिल्ली में हाई अलर्ट जारी हो रखा है। चप्पे-चप्पे पर दिल्ली पुलिस के सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। जगह-जगह पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, ऐतिहासिक स्थलों समेत भीड़भाड़ वाली जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी है।
कुछ विशेष संवेदनशील स्थानों पर अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी, एडवोकेट कुणाल मल्होत्रा ने कहा कि बम की धमकी झूठी लग रही है। सब कुछ कंट्रोल में है। बम स्क्वॉड और स्निफर डॉग्स पूरे परिसर की जांच कर रहे हैं। अभी कोई खतरा नहीं है।


