Nov 15 2026 / 12:25 AM

पीएम मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का किया उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन सेवा का शुभारम्भ किया। मोदी ने टिकट लेकर मेट्रो ट्रेन में सफर का आनंद भी लिया। इस दौरान कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने कहा, किसी भी देश की विकास यात्रा में इंफ्रास्ट्रक्चर की बहुत बड़ी भूमिका होती है। बेहतर कनेक्टिविटी तरक्की, रोजगार और उद्योग की नई संभावनाएं बढ़ाती है और जब विकास के ये अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई भी मजबूत होती है।

पीएम मोदी ने कहा, आज शुरू हो रहे प्रोजेक्ट्स भी इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने वाले हैं। ये विकसित कर्नाटक और विकसित कर्नाटक से विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे। साथ ही टेक सिटी के रूप में बेंगलुरु की पहचान को और सशक्त करेंगे। मोदी ने बताया कि 2014 में नम्मा मेट्रो सिर्फ 17 किमी. की थी आज इसका नेटवर्क बढ़कर 100 किमी. से ज्यादा हो गया है।

पीएम मोदी ने कहा, यह पहली बार है जब मुझे कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव जी के साथ मंच साझा करने का अवसर मिला है। कर्नाटक के लोग शायद अभी उनके बैकग्राउंड से पूरी तरह परिचित न हों, लेकिन मैं उनके जीवन को एक ऐसे उदाहरण के रूप में जरूर सामने रखना चाहूंगा जो यह दिखाता है कि राष्ट्र सेवा और देश के प्रति समर्पण का असली अर्थ क्या होता है। हम सुधा जी और उनके परिवार के जीवन से ये मूल्य सीख सकते हैं।

कारगिल युद्ध के दौरान, उनके पति शहीद हो गए थे। इतना बड़ा नुकसान सहने के बावजूद, उन्होंने राष्ट्र की सेवा करना जारी रखा। आज, कर्नाटक की धरती से, वे राज्य के लोगों की खुशी, शांति और समृद्धि में योगदान दे रही हैं। मैं सुधा जी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

Chhattisgarh