Oct 28 2026 / 9:48 PM

राज्यसभा उपचुनाव: बीजेपी ने मध्य प्रदेश से हरदीप सिंह पुरी को बनाया उम्मीदवार

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपने कैंडिडेट के नाम की घोषणा कर दी है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। पुरी फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं और उनका मौजूदा कार्यकाल इसी साल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है।

अब बीजेपी ने एक फिर से हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा भेजने का मन बना लिया है। हरदीप सिंह पुरी के पास फिलहाल केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी है। इससे पहले वो शहरी विकास मंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं।

मोदी सरकार में सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री रहे एल. मुरुगन ने हाल ही में राज्यसभा और कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था जिसके चलते मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट रिक्त हो गई और वहां पर उपचुनाव हो रहे हैं।

मुरुगन ने कहा था कि वो तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर बीजेपी को मजबूत करने के लिए काम करना चाहते हैं और इसलिए उन्होंने पीएम मोदी से अपना इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया था।

चुनाव आयोग ने इस राज्यसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की थी। 12 नवंबर को मतदान होगा और उसी दिन वोटिंग खत्म के बाद काउंटिंग भी होगी तथा विजेता का नाम घोषित किया जाएगा।

राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तारीख 2 नवंबर रखी गई है। 3 नवंबर को चुनाव आयोग के द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे।

कांग्रेस पार्टी ने हालांकि अभी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। जो भी इस उपचुनाव में जीतेगा उसका राज्यसभा का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक होगा। वैसे संख्याबल के लिहाज से मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के 164 विधायक हैं। जबकि कांग्रेस के विधायकों की संख्या 65 है। वहीं एक विधायक भारत आदिवासी पार्टी का भी है।

Chhattisgarh