नई दिल्ली। चार राज्यों में 28 सीटों पर हुए विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के अब तक के नतीजों और रुझानों को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा है। मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, 4 बड़े राज्यों – उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव हुए। ये चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए गए। अंदाजा लगाइए कि कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?
पीएम मोदी का यह पोस्ट ऐसे समय पर आया है जब कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पिछले कुछ समय से लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं, SIR के जरिए वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले दिनों काफी प्रदर्शन भी हुए।
बता दें कि कर्नाटक में कर्नाटक की चारों एमएलसी सीटें बीजेपी और जेडीएस गठबंधन ने जीती हैं, वहीं यूपी में बीजेपी को चार और सपा को दो सीटें मिलीं हैं। अन्य सीटों पर फिलहाल काउंटिंग जारी है। इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर राहुल गांधी पर कटाक्ष किया था।
उन्होंने कहा था कि विधान परिषद के चुनाव बैलेट पेपर से हुए, लेकिन इनमें भी कांग्रेस अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में विफल रही। इससे साफ है कि कांग्रेस जनता का समर्थन हासिल करने में नाकाम है, चाहे चुनाव EVM से हों या बैलेट पेपर से। इसलिए मैं कांग्रेस से कहना चाहूंगा कि जो व्यक्ति मतिभ्रम का शिकार हो, जिसकी मति मारी गई हो, उसके लिए मतपत्रों से मतदान करा दीजिए, तब भी वह चारों खाने चित्त ही नजर आएगा।
बीजेपी नेता कहा, राहुल गांधी करीब दो हफ्ते सैर-सपाटा और तफरीह करने के बाद अब भारत की अर्थव्यवस्था में समस्याएं पैदा करने के लिए आंदोलन की बात कर रहे हैं लेकिन न जनता उनके साथ है, न विधायक। उन्हें समझना चाहिए कि वह पूरी तरह नाकाम साबित हो चुके हैं। जनसमर्थन मेहनत से मिलता है, सैर-सपाटा करने से नहीं।


