नई दिल्ली। बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए उन पर महिलाओं को लेकर ओछी और तुच्छ राजनीति करने का आरोप लगाया। स्मृति ईरानी ने कहा, महिलाओं के प्रति राहुल गांधी की क्या सोच है वो एक वर्दीधारी महिला पुलिसकर्मी के साथ उन्होंने किस प्रकार का सलूक किया, इसी से प्रमाणित हो जाता है।
स्मृति ईरानी ने पत्रकारों से कहा कि अगर वो बार-बार तुच्छ बाते करेंगे तो आप महिलाओं से इस पर टिप्पणी क्यों मांगते हैं? हमारी एक सामाजिक जिम्मेदारी है कि अगर राहुल गांधी महिलाओं के प्रति इतनी ओछी दृष्टिकोण रखते हैं तो यह हमारा कर्तव्य है कि ऐसे व्यक्ति को दरकिनार कर देना चाहिए।
स्मृति ईरानी ने कहा कि समाज में नारी कितनी सशक्त है, वो नारी सिर्फ बीजेपी की सदस्य ही नहीं, वो नारी जो RSS की स्वयंसेविका के रूप में सहयोग देने वाली नहीं बल्कि हर क्षेत्र से जुड़ी महिला का अपमान होता है जब राहुल गांधी ऐसी तुच्छ बातें करते हैं। स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी चाहते हैं कि वो ऐसी ओछी बातें करके सुर्खियों में बने रहें।
वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को खुरपेची सियासत और खुराफाती सनक से बाहर आना चाहिए। जब तक इनकी खुरपेची सियासत और खुराफाती सनक कायम रखेगी इनका भला नहीं हो सकता।
राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया, आरएसएस पुरुषों का एक ऐसा समूह है जो संविधान के खिलाफ है और मानता है कि औरतें पुरुषों की संपत्ति हैं। मैं शिव-शक्ति में विश्वास रखता हूं, इसीलिए आरएसएस से लड़कर मुझे बहुत खुशी मिलती है। सबसे अच्छी बात यह है कि उनके अपने पक्ष की ही कई महिलाएं मेरे साथ हैं।


