Oct 07 2026 / 8:44 PM

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत ढही, कई लोगों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। बिल्डिंग के मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद हैं। रेस्क्यू का काम चल रहा है। राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई है।

मलबा हटाकर लोगों की तलाश की जा रही है। अब तक 5-6 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है और इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर मौजूद हैं। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि जो बिल्डिंग गिरी है वो 25 वर्ग गज में बनी हुई थी। बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें थी जबकि ऊपर की मंजिलों में लोग रहते थे। यह हादसा दोपहर लगभग 3.30 बजे के आसपास का है।

बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग के गिरने की वजह से आस-पास की अन्य इमारतों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इमारत किस कारण से गिरी यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल किसी के मरने की पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं डिप्टी कमिश्नर शाहदरा, राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के 10 मिनट के अंदर राहत और बचाव दल पहुंच गया। यहां पर लोगों ने बताया कि रात को भूकंप के झटके महसूस हुए थे जिससे बिल्डिंग में दरार आ गई थी। इमारत के बगल की दीवार भी गिर गई, जिससे कूड़ा बीनने वाले कुछ लोग मलबे में दब गए, उनमें से 5-6 को बचा लिया गया है।

Chhattisgarh