Oct 06 2026 / 11:46 PM

पंजाब सीएम के कैंप ऑफिस पर सीबीआई की रेड, OSD राजबीर घुमन से जुड़ा है केस

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस समेत कई अन्य स्थानों पर सीबीआई ने रेड मारी है। सीबीआई की टीम चंडीगढ़ के सेक्टर 2 में स्थित सीएम कैंप ऑफिस के कोठी नंबर 50 में छानबीन करने पहुंची। इसके अलावा मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर घुम्मन के संगरूर जिले के घराचों गांव में स्थित घर पर भी सीबीआई ने छापा मारा है।

वहीं मोहाली के फेज-11 में स्थित एक आईएएस अधिकारी के घर पर भी सीबीआई टीम ने दबिश दी है। सीबीआई ने गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला और जालंधर में भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सीबीआई टीम ने लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों अपने कब्जे में लिए।

इससे पहले सीबीआई ने पंजाब के मुख्यमंत्री के OSD राजवीर घुम्मन और उनके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। एफआईआर में राजवीर के अलावा नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आर.एस. नागरा का भी नाम है।

राज्य में आईएएस-आईपीएस अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग, सीएलयू और अन्य सरकारी काम में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में यह कार्रवाई की जा रही है। दरअसल, पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब के सीएम दफ्तर में कथित भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई को सौंपी है।

अधिवक्ता निखिल सराफ ने जनहित याचिका दाखिल कर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने दो महीने से सीबीआई से जांच रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट के आदेश के एक दिन बाद ही सीबीआई एक्शन में आ गई और सीएम कैंप कार्यालय समेत अन्य स्थानों पर छापा मार दिया।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सीबीआई छापेमारी को लेकर बीजेपी पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, बीजेपी ने पंजाब चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। पंजाब सरकार और मुझे बदनाम करने के लिए पंजाब में ईडी और सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया जाएगा।

Chhattisgarh