मेरठ। यूपी के मेरठ में सौरभ राजपूत की हत्या का मामला आपको याद होगा। सौरभ राजपूत के शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में कंक्रीट डालकर पैक कर दिया गया था। इस चर्चित हत्याकांड में मेरठ के कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को दोषी ठहराया है। कोर्ट अगली सुनवाई में दोनों को सजा सुनाएगा। मुस्कान और साहिल को सौरभ की हत्या का दोषी ठहराते हुए मेरठ के जिला जज अरविंद मिश्र ने कहा कि सभ्य समाज मे इसकी जगह नहीं है।
मेरठ के निवासी और मर्चेंट नेवी में अफसर सौरभ राजपूत की हत्या मार्च 2025 में हुई थी। मुस्कान पर आरोप लगा था कि उसने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर सौरभ की हत्या की। फिर शव के टुकड़े कर पहले से लाकर रखे गए नीले ड्रम में भरे और फिर कंक्रीट डालकर सील कर दिया। मुस्कान और साहिल इस ड्रम को फेंकना चाहते थे, लेकिन हत्या का खुलासा हो गया। इस मामले में कोर्ट ने 13 महीने तक सुनवाई की। इस दौरान 126 लोग पेश हुए। जबकि, 12 गवाहों ने बयान दिए थे।
पुलिस के मुताबिक 24 फरवरी 2025 को सौरभ राजपूत लंदन से मेरठ लौटे थे। अगले दिन पत्नी मुस्कान का बर्थ-डे मनाया। इसके बाद 28 फरवरी 2025 को बेटी का बर्थ-डे भी मनाया गया। आरोप है कि 3 मार्च की रात मुस्कान ने पति को नींद की दवा दे दी। सौरभ जब गहरी नींद में थे, तो मुस्कान ने साहिल को बुलाया और गला घोंटकर सौरभ राजपूत की हत्या कर दी। इसके अगले दिन मुस्कान ने बेटी को अपने मायके छोड़ दिया।
5 मार्च को मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली घूमने चले गए और 17 मार्च को लौटे। जिसके बाद मुस्कान ने अपनी मां को फोन कर बताया कि सौरभ राजपूत की हत्या कर दी। वहीं, सौरभ के भाई ने मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने में भाई की हत्या का केस दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने ड्रम में कंक्रीट में दबे सौरभ के शव के हिस्से बरामद किए। 2016 में सौरभ ने मुस्कान से लव मैरिज की थी।


