इंदौर। इंदौर के राजबाड़ा इलाके में रविवार को सरकारी सिटी बस ने चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक और घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हादसे के बाद राजबाड़ा पर मौजूद लोगों ने बस में बैठी सवारियों को बाहर निकाला। इसके बाद भीड़ ने बस पर ईंट-पत्थरों से पथराव कर तोड़फोड़ की। उसके कांच फोड़ दिए।
CCTV फुटेज में चौराहे पर कुछ लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। पास में एक ऑटो रिक्शा भी खड़ा है। इसी दौरान तेज रफ्तार में बस आती है और चार लोगों को अपनी चपेट में ले लेती है। बस की टक्कर से ऑटो ड्राइवर नीचे गिरता दिखाई देता है।
फुटेज में उसके सिर, मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आती है। दो लोग बस के सामने की तरफ से टकराकर गिरते दिखाई देते हैं, जबकि दो लोग बस के पिछले टायरों की चपेट में आते हैं। टायर उनके ऊपर से गुजरते दिखाई देते हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच जाती है।
एडिशनल एसपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि राजबाड़ा पर नगर सेवा का बस स्टैंड है। यहां MP-e-सेवा की बस खड़ी थी। अचानक बस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और पूजा सामग्री की दुकानों की ओर चली गई। रास्ते में कुछ लोग बस की चपेट में आ गए।
एडिशनल एसपी के मुताबिक, हादसे के बाद ड्राइवर ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मामले में मुकदमा कायम किया जाएगा। जांच में ड्राइवर या किसी अन्य व्यक्ति की गलती सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की जाएगी।


