Aug 04 2026 / 12:21 AM

इंदौर पुलिस का पब, बार और होटलों को सख्त निर्देश

इंदौर। इंदौर में पब, बार और होटलों में बढ़ती गतिविधियों और सोशल मीडिया पर विवादित आयोजनों के प्रचार को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। रविवार शाम एडिशनल डीसीपी जोन-2 की अध्यक्षता में शहर के 200 से अधिक पब, बार और होटल संचालकों के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई।

मीटिंग में साफ शब्दों में कहा गया कि सोशल मीडिया पर किसी भी विवादित या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले आयोजन का प्रचार-प्रसार नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने संचालकों को निर्देश दिए कि उनके प्रतिष्ठानों में होने वाले कार्यक्रम पूरी तरह कानून के दायरे में हों। किसी भी ऐसे आयोजन या प्रचार से बचें जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो या सामाजिक माहौल प्रभावित हो। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व परिसर में दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।

बैठक में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने कहा कि सभी पब, बार और होटल संचालक अपने यहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम रखें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी महिला के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ या अन्य अप्रिय घटना न हो।

पुलिस ने नाबालिग लड़के-लड़कियों के प्रवेश को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संचालकों से कहा गया कि आयु की जांच के बिना किसी नाबालिग को प्रवेश न दिया जाए। यदि नियमों की अनदेखी हुई तो संबंधित संचालक भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रतिष्ठान में अवैध गतिविधि, विवादित आयोजन या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली घटना होती है और उसकी जानकारी पुलिस को समय पर नहीं दी जाती, बल्कि किसी अन्य माध्यम से पता चलती है, तो संबंधित पब, बार या होटल संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

करीब एक घंटे चली इस बैठक में शामिल सभी पब, बार और होटल संचालकों ने पुलिस को सहयोग का भरोसा दिलाया और भविष्य में सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की बात कही। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए ऐसे संवाद और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

Chhattisgarh