Aug 02 2026 / 8:09 PM

पीएम मोदी ने लॉन्च किया ‘नशा मुक्त युवा अभियान’

नई दिल्ली। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत हो चुकी है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस अभियान को लॉन्च किया। अभियान का उद्देश्य देशभर के युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण के मिशन से जोड़ना और इसमें उनकी एक्टिव भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस अभियान को माई भारत के युवा स्वयंसेवकों के नेतृत्व में देशव्यापी जनभागिदारी के रूप में शुरू किया गया है। इस अभियान का लक्ष्य युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट करना और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में उनकी भूमिका को मजबूत बनाना है।

देशभर में आयोजित इस कार्यक्रम में 28 हजार से ज्यादा स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा जुड़े। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले देशभर के युवाओं ने एक साथ नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ ली।

पीएम मोदी ने फिर कार्यक्रम को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि हम एक महान संकल्प के लिए एकजुट हैं। सभी संत, सभी राज्यपाल, सभी मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि और 28 हजार स्थानों से जुड़े 1 करोड़ से अधिक युवा साथी, इस शुभ संकल्प के लिए अभिनंदन।

उन्होंने आगे कहा कि हम आज जिस अभियान के साक्षी बन रहे हैं, वह व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए है। विकसित भारत संकल्प के लिए युवा का नशा मुक्त होना जरूरी है। ये नाम ही संकल्प को स्पष्ट करता है। देश ने विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है तो देश का युवा तन से स्वस्थ हो, मन से स्वस्थ हो और आत्मविश्वासी हो. देश के युवा में ड्रग्स जैसी घातक आदत न हो। यही इस अभियान का उद्देश्य है। हमारा संकल्प है कि युवा नशे के खतरे को समझे और उससे दूर रहे।

Chhattisgarh