नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के शुरू होते ही संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष का हंगामा जारी है। इस बीच एनसीपी (एससीपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
इस दौरान शरद पवार की सांसद बेटी सुप्रिया सुले भी उनके साथ रहीं। पिछले कुछ समय से ऐसी चर्चा है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी एनडीए में शामिल हो सकती है। अब मोदी और पवार की इस मुलाकात को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है और देश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मोदी और पवार की मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट की गई हैं। संसद भवन में स्थित प्रधानमंत्री के कक्ष में जब शरद पवार मोदी से मिलने पहुंचे तो प्रधानमंत्री ने उनका बहुत ही गर्मजोशी से स्वागत किया। मोदी ने पवार का हाथ पकड़ा और उनको कुर्सी पर बैठाया।
हालांकि पवार और मोदी के बीच क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। मगर फोटो में देखा जा सकता है कि पवार अपने साथ एक फाइल लेकर गए थे और मोदी उस फाइल के पेपर को पढ़ते हुए नजर आए। फोटो को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात काफी अच्छी रही।
उधर, महाराष्ट्र में विपक्ष के महाविकास अघाड़ी गठबंधन के लिए शरद पवार का मोदी से मिलने टेंशन बढ़ाने वाली बात है। बता दें कि महाविकास अघाड़ी गठबंधन में कांग्रेस के अलावा उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी और शरद पवार की एनसीपी (एससीपी) शामिल हैं।
ऐसे में अगर शरद पवार विपक्ष का साथ छोड़कर एनडीए को समर्थन कर देते हैं तो यह कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के लिए एक बड़ा झटका होगा। ऐसी भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि मोदी सरकार के परिसीमन बिल को एनसीपी एससीपी समर्थन दे सकती है।


