नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान और गुजरात के दौरे पर हैं। सबसे पहले पीएम मोदी राजस्थान के बालोतरा पहुंचे। जहां से उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट समेत कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि गर्मी के मौसम में एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना हम सबको आशीर्वाद देना ये दिखाता है कि भाजपा सरकार के प्रयासों पर आपका विश्वास कितना बुलंद है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं समर्थन और स्निग्धि के लिए राजस्थान की माटी का ऋणी हूं। पीएम मोदी ने कहा ये धरती अनगिनत वीरों से शौर्य की साक्षी रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस रण के कण-कण में हमें स्वाभिमान को सर्वोपरि रखने की सीख दी है और स्वाभिमान व्यक्ति का या फिर स्वाभिमान देश का तभी ऊंचा रह सकता है जब वो आत्मनिर्भर है। दूसरों पर कम से कम निर्भर हो। आज राजस्थान की धरती से भारत के विकसित होने, आत्मनिर्भर होने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। आज इस रिफाइनरी को देश को समर्पित किया गया है। ये रिफाइनरी यहां हजारों लोगों के रोजगार का माध्यम बनेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिफाइनरी के लिए राजस्थान के लोगों को बधाई दी। पीएम मोदी कहा कि आज का दिन साक्षी है कि बीजेपी की सरकारें परियोजनाओं का सिर्फ शिलान्यास करके नहीं छोड़ती हैं बल्कि हम उन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए भी दिन रात एक कर देते हैं। दो महीने पहले यहां जो हादसा हुआ था उसके बाद इतनी तेजी से काम पूरा कल लेना ये भी परिश्रम की पराकास्ठा का उदाहरण है। आप सबने दिखा दिया है कि चुनौती क्या है कितनी बड़ी और अप्रत्याशित क्यों ना हो नया भारत अपने संकल्पों से न पीछे हटता है और न ही रफ्तार कम करता है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज राजस्थान में विकास के कई और भी कीर्तमान स्थापित हो रहे हैं, आज ही जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं सोशल मीडिया में देख रहा था कि नए टर्मिनल का आर्किटेक्चर, इंटीरियर ये सोशल मीडिया में छाया हुआ है। चारों तरफ राजस्थान ही राजस्थान दिख रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि ये मारवाड़ में व्यापार, पर्यटन और रोजगार को नई गति देगा। इस कार्यक्रम में जो लोग जोधपुर से जुड़े हैं मैं उनका विशेष अभिनंदन करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि जोधपुर से ही आज उड़ान योजना के नए चरण की भी शुरुआत हुई है। इसके तहत छोटे-छोटे शहरों को और दूसर दराज के क्षेत्रों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अब जयपुर में मेट्रो का विस्तार भी होने जा रहा है, शेखावटी क्षेत्र के जलसंकट का इंतजार भी अब खत्म होने जा रहा है। पीएम मोदी ने सभी परियोजनाओं को राजस्थान के लोगों को बधाई दी।
पीएम मोदी ने कहा कि आज राजस्थान के करीब 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र भी मिला है। पीएम मोदी ने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। पीएम मोदी ने कहा कि उनका उज्जवल मन राजस्थान के भविष्य को और उज्जवल करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज राजस्थान की इस धरती से मैं देश के एक और सामर्थ्य की चर्चा करना चाहता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिमी एशिया में युद्ध की वजह से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा है, हर देश त्रस्त है इस युद्ध ने 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट को जन्म दिया है, बड़े-बड़े देश आज ईंधन की किल्लत से जूझ रहे हैं। लेकिन 21 वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट पर 21वीं सदी के नए भारत पर और भारत के प्रयास इन संकटों पर भारी पड़े हैं।


