नई दिल्ली। भारत ने अफगानिस्तान को टेस्ट मैच में तीसरे ही दिन करारी शिकस्त देकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। चंडीगढ़ के मुल्लांपुर मैदान पर खेला गया टेस्ट टीम इंडिया ने पारी और 300 रनों से जीता, यह टेस्ट क्रिकेट इतिहास में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 564 रन बनाकर पहली पारी घोषित की थी। अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 152 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत को 412 रन की लीड मिली और इसके बाद अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर होना पड़ा।
अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी कोई खास प्रदर्शन नहीं कर सकी और सिर्फ 112 रनों पर ही ढेर हो गई। इस तरह से मैच के तीसरे दिन भारत की जीत के साथ मैच खत्म हो गया। भारत की तरफ से टेस्ट डेब्यू करने वाले गेंदबाज मानव सुथार के लिए भी उनका पहला मैच यादगार बन गया।
मानव सुथार ने अपने पहले ही मैच में अपनी जबर्दस्त गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 6 विकेट झटके और दूसरी पारी में एक विकेट हासिल किया। इस तरह से उन्होंने भारत की इस सबसे बड़ी जीत में अहम रोल निभाया। भारत की तरफ से पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शुभमन गिल और ओपनर केएल राहुल ने शानदार शतक जड़े।
शुभमन गिल ने 177 गेंदों में 126 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं केएल राहुल ने 11 चौकों की बदौलत 165 गेंदों में 100 रन की पारी खेली। शुभमन गिल का यह 11 जबकि राहुल का 12वां टेस्ट शतक है। तीन अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने अर्धशतक भी जमाया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
साई सुदर्शन और ऋषभ पंत दोनों ने 81-81 रनों की पारी खेली। वहीं वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाए। वहीं अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद सलीम सफी ने सर्वाधिक 6 विकेट अपने नाम किए।


