May 08 2026 / 9:30 PM

थलापति विजय ने हासिल किया बहुमत का जादुई आंकड़ा

नई दिल्ली। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी जद्दोजहद के बीच थलापति विजय ने बहुमत का आंकड़ा जुटा लिया है और इस तरह से टीवीके की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। टीवीके को वाम दलों सीपीआई, सीपीएम के अलावा वीसीके ने भी समर्थन कर दिया है। कांग्रेस पहले ही टीवीके को समर्थन का ऐलान कर चुकी है।

अब इन सभी दलों को मिलाकर टीवीके बहुमत के 118 सीटों के आंकड़े पर पहुंच गई है। टीवीके चीफ थलापति विजय ने आज तीसरी बार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब थलापति विजय शनिवार, 9 मई को सुबह 11 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे।

विधानसभा चुनाव में टीवीके को 108 सीटों पर जीत मिली है जिसमें से विजय ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था ऐसे में उनको एक सीट छोड़नी पड़ेगी, इस हिसाब से टीवीके पास फिलहाल 107 सीटें होंगी ऐसे में बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 11 सीटें कम थीं।

टीवीके ने सबसे पहले कांग्रेस से समर्थन मांगा था, कांग्रेस के पास 5 सीटें हैं जिनकों मिलाकर टीवीके के पास 112 की संख्या हो गई थी। इसके बाद टीवीके ने दो बार राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया था मगर दोनों ही बार राज्यपाल ने उनको पूर्ण बहुमत वाले समर्थन पत्र के साथ आने को बोला।

इसके बाद विजय ने वामदलों सीपीआई और सीपीएम के अलावा वीसीके से भी समर्थन मांगा। इन तीनों ही पार्टियों के दो-दो विधायक हैं। इस तरह से सीपीआई, सीपीएम और वीसीके के समर्थन के बाद टीवीके ने बहुमत के 118 सीटों के आंकड़े को जुटा लिया है।

इससे पहले चर्चा यह भी थी कि डीएमके और एआईएडीएमके मिलकर सरकार बनाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं टीवीके विधायकों ने यह धमकी दी थी कि अगर डीएमके और एआईएडीएमके ने मिलकर सरकार बना ली तो सभी 107 विधायक इस्तीफा दे देंगे। अब तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।

Chhattisgarh