Mar 27 2026 / 9:04 PM

कौन बनेगा करोड़पति में 50 लाख जीतने वाली तहसीलदार 2.5 करोड़ के घोटाले में गिरफ्तार

श्योपुर। मध्य प्रदेश से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तहसीलदार को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी तहसीलदार, लोकप्रिय टेलीविजन कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में प्रतिभागी के रूप में भी जा चुकी हैं। वहीं इस कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त चुकी हैं। ऐसे में महिला तहसीलदार पर 2.5 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत ‘घोटाले’ का आरोप लगा है। फिलहाल आरोपी महिला तहसीलदार को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक इस घोटाले में कथित संलिप्तता के आरोप में महिला तहसीलदार को गुरुवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि अमृता सिंह तोमर को साल 2021 में बड़ौदा तहसील में हुए ‘घोटाले’ के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक अदालत में पेश किए जाने के बाद अमृता सिंह तोमर को शिवपुरी की जेल में रखा गया है। अधिकारियों ने ही बताया कि अमृता सिंह तोमर ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में प्रतियोगी के रूप में 50 लाख रुपये जीते थे।

इसी प्रकार के एक अन्य मामले में मिर्जापुर जिले से एक जूनियर इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। यहां देहात कोतवाली क्षेत्र में भ्रष्टाचार रोधी दल ने बुधवार को एक लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में जूनियर इंजीनियर को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भ्रष्टाचार रोधी दल ने सिंचाई विभाग की बाणसागर परियोजना में तैनात कनिष्ठ अभियंता मुसाफिर सिंह यादव को ठेकेदार द्वारा किए गए कार्य का बिल स्वीकृत करने के बदले एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Chhattisgarh