Mar 28 2026 / 1:51 AM

वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को मिलेगा भारत रत्न सम्मान, पीएम मोदी ने किया ऐलान

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी जानकारी दी।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने उनसे बात भी की और उन्हें यह सम्मान दिए जाने पर बधाई दी। वे हमारे समय के सबसे सम्मानित स्टेट्समैन हैं। देश के विकास के लिए उनका योगदान कोई भूल नहीं सकता। उन्होंने जमीनी स्तर से काम शुरू किया था और वे देश के उपप्रधानमंत्री पद तक पहुंचे।

पीएम मोदी ने आगे लिखा, सार्वजनिक जीवन में आडवाणी जी दशकों तक पारदर्शिता और अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने राजनीतिक नैतिकता में एक अनुकरणीय मानक स्थापित किया है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान को आगे बढ़ाने की दिशा में अभूतपूर्व प्रयास किए हैं। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है। मैं इसे हमेशा अपना सौभाग्य मानूंगा कि मुझे उनके साथ बातचीत करने और उनसे सीखने के अनगिनत मौके मिले।

बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी 1980 में भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद सबसे लंबे समय तक पार्टी के अध्यक्ष रहे। आडवाणी सबसे पहली बार 1986 में बीजेपी के अध्यक्ष चुने गए और 1990 तक इस पद पर रहे। इसके बाद 1993 से 1998 और फिर 2004 से 2005 तक बीजेपी के अध्यक्ष रहे। इसके साथ ही वह देश के गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री रहे।

Chhattisgarh