Mar 28 2026 / 12:29 AM

गर्भगृह में विराजमान हुए रामलला, प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, पीएम मोदी ने किया दंडवत प्रणाम

अयोध्या। अयोध्या के राम मंदिर में आखिरकार वो गर्व और खुशी का पल आ ही गया जिसका करोड़ों राम भक्तों को इंतजार था। राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। 500 साल का इंतजार खत्म हो गया है। प्रभु श्रीराम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराज गए। जहां उनकी आरती की गई। प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें दंडवत प्रणाम किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत साधु और संत समाज के अति विशिष्ट लोगों के मौजूदगी में रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। पीएम मोदी ने साष्टांग प्रणाम के बाद परिक्रमा भी की। इसके बाद मंदिर का भ्रमण किया। राममंदिर के शिलान्यास की नींव रखने वाले कामेश्वर चौपाल से प्रधानमंत्री ने मंदिर के भीतर मुलाकात की। उनकी पीठ थपथपाई।

पीएम मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में साधुओं से आशीर्वाद लिया। जिसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी को अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद सीएम योगी ने लोगों को संबोधित किया। सीएम योगी इस मौके पर काफी भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि इस समय भावनाओं को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं मिल रहे हैं। मन भावुक है, निश्चित रूप से आप सभी ऐसा महसूस कर रहे होंगे।

सीएम योगी ने कहा कि इस पावन अवसर पर भारत का हर नगर, हर ग्राम अयोध्या धाम है। आज हर मार्ग श्रीराम जन्मभूमि की ओर आ रहा है। लोगों के रोम रोम में राम रमे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि हम त्रेतायुग में आ गए हैं। आज मन में संतोष के भाव हैं।

आखिर भारत को इसी दिन की प्रतीक्षा थी, इस दिन को आने में लगभग 5 शताब्दी का समय व्यतीत हो गया, किंतु प्रतीक्षा का क्रम सतत जारी रहा। आज इस अवसर पर आत्मा प्रफुल्लित है। मन इस बात से प्रफुल्लित है कि मंदिर वहीं बना है, जहां बनाने का संकल्प लिया था।

उन्होंने कहा कि वो पीढ़ी भाग्यशाली है, जो इस राम काज के साक्षी बन रहे हैं। राम का जीवन हमें संयम की शिक्षा देता है। हर कोई अयोध्या आने को आतुर है। ये धर्म नगरी विश्व की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में प्रतीत हो रही है। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के प्रयास से अयोध्या का विकास हो रहा है।

आज यहां अयोध्या के भौतिक विकास के लिए हजारों-करोड़ रुपये लग रहे हैं। नई अयोध्या में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सभी नगरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ये एक विश्वास की विजय है। लोक आस्था, जनविकास की विजय है।

Chhattisgarh