Mar 27 2026 / 11:01 PM

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मोदी सरकार का बड़ा ऐलान, 22 जनवरी को आधे दिन बंद रहेंगे सरकारी ऑफिस

नई दिल्ली। अयोध्या में तैयार हो चुके राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर पूरे देश में हर्षोल्लास का माहौल बना हुआ है। इस समारोह को खास बनाने की तैयारी की जा रही है। इसी बीच केंद्र की मोदी सरकार ने 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर बड़ा ऐलान किया है।

मोदी सरकार ने पूरे देश में 22 जनवरी को सभी सरकारी दफ्तरों में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सरकार ने फैसला लिया है। देश के सभी सरकारी दफ्तरों में उस दिन आधे दिन ही काम होगा। दोपहर के बाद दफ्तर बंद रहेंगे। ये फैसला सरकार ने जनभावना को देखते हुए लिया है।

बता दें कि आज पीएम मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर स्मारक डाक टिकट और दुनिया भर में भगवान राम पर जारी टिकटों की एक पुस्तक जारी की। जिसमें भगवान राम मंदिर, भगवान गणेश, हनुमान जी, जटायु, केवटराज और मां शबरी के टिकट शामिल हैं। पीएम मोदी की ओर से जारी किए गए इन टिकटों पर राम मंदिर, रामचरितमानस की चौपाई ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ के अलावा सूर्य, सरयू नदी और मंदिर के आसपास की मूर्तियों की आकृति बनी हुई है।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने एक स्टाम्प पुस्तक भी जारी की है। जिसमें 48 पन्ने हैं। इस पुस्तक में अमेरिका, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, कनाडा, कंबोडिया और संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों सहित 20 से अधिक देशों द्वारा जारी किए गए डाक टिकट शामिल हैं।

Chhattisgarh