इंदौर। चुनाव जीतने के बाद कैलाश विजयवर्गीय सह परिवार बड़ा गणपति के दर्शन करने पहुंचे। दर्शन के बाद चौराहे पर लगे मंच पर कैलाश विजयवर्गीय का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने अपनी जीत कार्यकर्ताओं को समर्पित की उन्होंने कहा कि कोई भी जीत पन्ना प्रमुख और बूथ कार्यकर्ता के बिना संभव नहीं है। मेरी इस जीत का प्रमाण पत्र में कार्यकर्ताओं के चरणों में समर्पित करता हूं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के बाद मैंने मीडिया से कहा था कि इंदौर की सभी 9 सीट और प्रदेश में 160 से अधिक सीट भाजपा जीतेगी। मैं कोई भविष्यवक्ता नहीं हूं, लेकिन मैं पिछले 2 महीने में प्रदेश के 103 विधानसभा क्षेत्र में घूमा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की संगठन शक्ति के साथ पन्ना प्रमुख और पोलिंग बूथ कार्यकर्ता की शक्ति की यह जीत है।
इसके साथ कार्यकर्ताओं को हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि जीतने के बाद अब सबसे ज्यादा विनम्र हो जाना, अहंकार बिल्कुल मत करना, चुनाव जीतना आसान है, लेकिन मतदाताओं का दिल जीतना मुश्किल होता है। हम मतदाताओं की सेवा और विकास करके दिल जीतने का काम करेंगे। आपने 2 महीने काम किया है, आप 5 साल मुझे काम लीजिए, जैसा काम बोलेंगे वैसा काम करेंगे। मैं जहां जाता हूं वहां कार्यकर्ताओं का सम्मान बढऩा चाहिए, यह मेरा उसूल है। कार्यकर्ताओं के मान सम्मान का सदैव ख्याल रखूंगा। आपने अपना काम कर दिया, अब मेरा काम शुरू हो गया।
बच्चों और नादान को हमेशा माफ कर देना चाहिए
विधानसभा चुनाव में प्रतिद्वंद्वी रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय शुक्ला का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि मैं भगवान से जब भी प्रार्थना करता हूं, यही कहता हूं कि अपना प्रतिद्वंद्वी समझदार हो, लेकिन दुर्भाग्य से मुझे समझदार नहीं मिला। अब बच्चों और नादान को हमेशा माफ कर देना चाहिए।
चित पड़े अहंकारी नेता
जीतू पटवारी और सज्जन सिंह वर्मा पर तंज कसते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर कांग्रेस मुक्त हो गया है। इस मालवा में जितने भी अहंकारी नेता थे, जो दोनों हाथ ऊपर करके खूब गालियां देते थे, सब चित पड़े हुए हैं। चाहे वो राऊ के हो या सोनकच्छ के सब चित पड़े हुए हैं।


