नई दिल्ली। भारत मे कोरोना का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 165 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 3 लोगों की जानें गई है। इससे पहले सोमवार को भी देश में कोरोना संक्रमण के 226 नए मामले सामने आए थे। हालांकि कोरोना संक्रमण की वजह से 3 लोगों की मौतें हुई थी। कल के मुकाबले आज नए संक्रमित मरीजों की दैनिक संख्या में 61 की कमी दर्ज की गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह जारी आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 165 नए केस सामने आए हैं जबकि 3 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में संक्रमण से मौत का एक मामला सामने आया, जबकि संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में दो नाम और जोड़े। इस दौरान 254 लोग कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब रहे। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या घटकर 4 हजार 345 रह गई है। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 89 की कमी दर्ज की गई है।
इसके साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 73 हजार 783 हो गई है। जबकि ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर कुल 4 करोड़ 41 लाख 38 हजार 805 पहुंच गई है। वहीं देश में अब तक कुल 5 लाख 30 हजार 633 लोग कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से दम तोड़ चुके हैं। मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक करीब कोविड-19 रोधी टीकों की 220 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।


