Mar 24 2026 / 2:47 PM

बिहार: नीतीश कुमार ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, बीजेपी से गठबंधन तोड़ा

पटना। बिहार में इस समय सियासी गलियारों में हलचल मची हुई है। इसी बीच अब सीएम नीतीश कुमार से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल फागू चौहान को सौंप दिया है। पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश ने कहा कि हमने एनडीए छोड़ दिया है।

बड़ी खबर ये भी है कि इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार बिहार की पूर्व सीएम रावड़ी देवी के घर पहुंचे। तेजस्वी यादव रावड़ी देवी के घर पर ही मौजूद थे। खबर ये भी है कि नीतीश कुमार, अब तेजस्वी यादव के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे।

गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर पलटी मारी है। उन्होंने बीजेपी के साथ अपना गठबंधन तोड़ लिया है। जेडीयू विधायकों और सांसदों की मीटिंग में उन्होंने बीजेपी से गठबंधन तोड़ने का फैसला लिया। आज सुबह से ही बिहार की सियासत में गरमाहट देखी जा रही थी।

अलग-अलग दलों के नेताओं की बैठकें हो रही थीं लेकिन सबकी नजरें जनता दल यूनाइटेड के सांसदों और विधायकों की बैठक पर थी। क्योंकि इसी बैठक में एनडीए के साथ गठबंधन के भविष्य को लेकर ऐलान होना था। आखिरकार जेडीयू ने बीजेपी से अलग होने के रास्ते को चुन लिया। बैठक में नीतीश ने कहा, बीजेपी ने पार्टी को तोड़ने की कोशिश की, हमें धोखा दिया। बीजेपी ने हमेशा जेडीयू को अपमानित किया।

इसके अलावा पटना में डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद के घर पर भी बीजेपी नेताओं की भी बैठक हुई थी। इससे पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई थी, जिसमें यह फैसला लिया गया कि एनडीए से अलग होने पर कांग्रेस नीतीश कुमार का समर्थन करेगी। वहीं राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं की भी बैठक हुई जिसमें विधायकों और सांसदों ने तेजस्वी यादव इस संबंध में फैसला लेने के लिए अधिकृत किया है।

वहीं कांग्रेस और वाम दल भी पहले ही तेजस्वी का साथ देने का ऐलान कर चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक अब बिहार में एक बार फिर महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनता दल के सहयोग से सरकार बनाने जा रहे हैं।

Chhattisgarh